राजनाथ सिंह ने दिए संकेत, BSF ने पाकिस्तान पर बड़ी कार्रवाई की

NEWS HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में एक कार्यक्रम के दौरान बोले राजनाथ सिंह
- आगे भी ऐसा ही कुछ होने वाला है: गृहमंत्री
- भारत ने पाकिस्तान पर की जवाबी कार्रवाई
सर्जिकल स्ट्राइक के 2 साल पूरे होने पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान पर उसकी ही तरह किसी बड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। राजनाथ ने कहा सीमा पर कुछ हुआ है, मैं बताऊंगा नहीं, लेकिन हुआ है। ठीक-ठाक हुआ है। आप विश्वास रखिए बहुत ठीक-ठाक हुआ है। ये दो-तीन दिन पहले ही हुआ है। आगे भी ऐसा कुछ होने वाला है।
एक कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में गृहमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान ने बीएसएफ के जवान के साथ जिस तरह बदसलूकी की, उसे शायद आपने भी देखा होगा। इसके खिलाफ अब सीमा पर कुछ हुआ है। राजनाथ ने कहा कि मैंने बीएसएफ के जवानों से कहा था कि पहले गोली मत चलाना, पड़ोसी हैं। लेकिन उधर से एख भी गोली आती है तो फिर अपनी गोलियां गिनने की जरूरत नहीं है। एक अंग्रेजी अखबार ने दावा किया है कि इंडिया ने जावाबी कार्रवाई में पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुंचाया है।

बदला लेने का कर रहे इंतजार: बीएसएफ डीजी
इससे पहले बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स के महानिदेशक केके शर्मा ने भी शुक्रवार को कहा था कि उनके जवान अपने साथी की मौत का बदला लेने के लिए सही समय का इंतजार कर रहे हैं। मौका मिलते ही जवाबी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि शर्मा 30 सितंबर को रिटायर होने जा रहे हैं।

जवान नरेंद्र को सीने पर मारी गई थीं 3 गोली
बीएसएफ डीजी केके शर्मा ने स्वीकार किया कि बॉर्डर एक्शन टीम (बैट) की कार्रवाई में हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह मारे गए थे। शर्मा ने कहा कि नरेंद्र के सीने में 3 गोलियां मारी गईं थी। बाड़ के दूसरी तरफ उन्हें खींचकर ले जाया गया थ, उनके हाथ पैर बांधकर उनका गला रेत दिया गया था।
Source: Bhaskarhindi.com
कोई टिप्पणी नहीं: