IPL 2018: भाई से भाई का वादा, इंशा अल्लाह...तेरे लिए ऐसा करूंगा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल में कई धमाकेदार पारियां खेल चुके यूसुफ पठान ने इस बार भी आईपीएल में धमाकेदार पारी खेलने की बात कही है। दरअसल यूसुफ पठान ने ये बात अपने छोटे भाई इरफान पठान के उस ट्वीट के जवाब में कही है जिसमें इरफान ने आईपीएल की सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले किंग्स इलेवन पंजाब के बल्लेबाज केएल राहुल की तारीफ करते हुए लिखा कि भाई राहुल ने 14 गेंदों में अर्धशतक लगाया है इसलिए आप 13 गेंदों में फिफ्टी लगाने की कोशिश करिएगा।
भाई से भाई का 'वादा'
इरफान पठान की ओर से किए गए ट्वीट का जवाब देने में यूसुफ पठान ने भी देरी नहीं लगाई और तुरंत एक ट्वीट किया। इस ट्वीट में यूसुफ ने लिखा कि 'तेरे लिए 13 बॉल में भी 50 रन बनाने का प्रयास करूंगा..इंशा अल्लाह'। साथ ही यूसुफ ने आगे लिखा कि कमेंटरी बॉक्स में तुम्हें सुनते हुआ अच्छा लगा, उम्मीद है कि तुम कमेंटेटर के अपने नए रोल का पूरा मजा ले रहे होंगे।
ट्वीट में केएल राहुल की भी तारीफ
छोटे भाई इरफान पठान को जवाब देने के साथ ही यूसुफ पठान ने ट्वीट में आईपीएल का सबसे तेज अर्धशतक लगाने के लिए केएल राहुल को भी बधाई दी। यूसुफ ने अपने ट्वीट में लिखा वेल प्लेड राहुल.
पठान को फैंस से उम्मीद
यूसुफ पठान टीम इंडिया की तरफ से खेलते हुए भी कुछ धमाकेदार पारियां खेल चुके हैं लेकिन आईपीएल में उनका जलवा कुछ अलग है और लगभग हर सीजन में पठान के बल्ले से एक न एक आतिशी पारी जरुर निकली है। आईपीएल के दौरान खेली गईं आतिशी पारियों को देख चुके उनके फैंस को इस बार भी पठान से धमाकेदार बल्लेबाजी की आस है। आईपीएल में राजस्थान और कोलकाता नाइट राइडर्स के अहम सदस्य रह चुके यूसुफ पठान इस सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम से खेलते नजर आ रहे हैं।
Source: Bhaskarhindi.com
कोई टिप्पणी नहीं: