CWG 2018: भारत की स्वर्णिम सफलता, चानू ने गोल्ड जीतकर तोड़ा अपना रिकॉर्ड
NEWS HIGHLIGHTS
- भारोत्तोलन में वर्ल्ड चैंपियन मीरा बाई चानू ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के खाते में पहला स्वर्ण पदक डाल दिया है।
- चानू ने महिलाओं के 48किलोग्राम में भारत को पदक जितवाया।
- चानू ने 21वें कॉमनवेल्थ गेम्स में उम्मीद के मुताबिक परफॉर्म करते हुए शुरुआत से ही बाकी प्रतिद्वन्दियों पर अपना दबदबा बनाए रखा।
- मीरा बाई चानू ने आज अपने पहले ही प्रयास में 80 किलोग्राम वजन उठाकर कॉमनवेल्थ गेम्स का रिकॉर्ड बनाया, जिसके बाद उन्होंने 86 किलोग्राम वजन दो बार उठाकर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया।
- मेडल टेली में अब भारत एक गोल्ड और एक रजत के साथ पहले नंबर पर आ गया है।
- भारत के प्रणव चोपड़ा और ऋत्विका की जोड़ी ने बैडमिंटन मिक्सड डबल्स में श्रीलंकाई जोड़ी को हराकर जीत से शुरुआत की।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कामनवेल्थ गेम्स में भारत की स्वर्णिम शुरुआत हो चुकी है। भारोत्तोलन में वर्ल्ड चैंपियन मीरा बाई चानू ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के खाते में पहला स्वर्ण पदक डाल दिया है। चानू ने महिलाओं के 48किलोग्राम में भारत को पदक जितवाया। चानू ने 21वें कॉमनवेल्थ गेम्स में उम्मीद के मुताबिक परफॉर्म करते हुए शुरुआत से ही बाकी प्रतिद्वन्दियों पर अपना दबदबा बनाए रखा। बता दें कि मीरा बाई चानू ने आज अपने पहले ही प्रयास में 80 किलोग्राम वजन उठाकर कॉमनवेल्थ गेम्स का रिकॉर्ड बनाया, जिसके बाद उन्होंने 86 किलोग्राम वजन दो बार उठाकर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। पिछला रिकॉर्ड 77 किलोग्राम का था जो कि अगस्तानिया ने बनाया था। चानू ने क्लीन एंड जर्क में 110 स्कोर करते हुए कुल 196 स्कोर के साथ स्वर्ण अपने नाम किया। बता दें स्नैच और क्लीन एंड जर्क दोनों में चानू का यह व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

मेडल टेली में नंबर 1 पर आया भारत
मेडल टेली में अब भारत एक गोल्ड और एक रजत के साथ पहले नंबर पर आ गया है। चानू को फरवरी में महिंद्रा स्कॉर्पियो टाइम्स ऑफ इंडिया अवॉर्ड्स वेटलिफ्टर ऑफ द ईयर का खिताब दिया गया था। उन्हें प्रतियोगिता की शुरुआत से ही गोल्ड का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। बता दें कि चानू ने 2014 के कॉमनवेल्थ गेम्स में भी सिल्वर मेडल हासिल किया था। भारत की तरफ से पदकों का आगाज भारत के वेटलिफ्टर गुरुराजा ने भारत को पहला मेडल जीताकर कर दिया था। गुरुराजा ने कुल 249 किलोग्राम वजन उठाकर सिल्वर मेडल जीता। इस प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल मलेशिया के इजहार अहमद ने जीता, जबकि श्रीलंका के चतुरंगा लकमल ने ब्रॉन्ज जीता।
भारतीय महिला टीम को मिली करारी शिकस्त
भारत ने बैडमिंटन इवेंट में भी जीत के साथ आगाज किया है। भारत के प्रणव चोपड़ा और ऋत्विका की जोड़ी ने बैडमिंटन मिक्सड डबल्स में श्रीलंकाई जोड़ी को हराकर जीत से शुरुआत की। प्रवण-ऋत्विका की जोड़ी ने श्रीलंकाई जोड़ी को 21-15,19-21 और 22-20 से हराया। वहीं भारत के स्टार शटलर किदांबी श्रीकांत ने भी जीत के साथ 21वें कॉमनवेल्थ गेम्स की शुरुआत की है। किदांबी ने बैडमिंटन के पुरुष सिंगल्स के अपने पहले मुकाबले में श्रीलंकाई खिलाड़ी को मात दी। किदांबी ने 21-16, 21-10 से आसान जीत दर्ज की। भारतीय महिला हॉकी टीम को अपने पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। भारतीय महिला हॉकी टीम को वेल्स के हाथों 3-2 से शिकस्त मिली।
कोई टिप्पणी नहीं: