लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर अटलजी, 10:30 बजे जारी होगा मेडिकल बुलेटिन

NEWS HIGHLIGHTS
- पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तबीयत बेहद नाजुक है।
- पिछले 24 घंटे में उनकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ है। वह अभी लाइफ सपॉर्ट सिस्टम पर हैं।
- एम्स के अनुभवी डॉक्टरों की टीम देखरेख में इलाज चल रहा है।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तबीयत बेहद नाजुक है। वह अभी लाइफ सपॉर्ट सिस्टम पर हैं। अटलजी की तबीयत को लेकर एम्स की तरफ से कहा गया है कि पिछले 24 घंटे में उनकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ है। सुबह 10.30 बजे एम्स की ओर से हेल्थ बुलेटिन जारी किया जाएगा। एम्स के निदेशक डा.रणदीप गुलेरिया और एम्स के अनुभवी डॉक्टरों की टीम देखरेख में इलाज चल रहा है।
आज सुबह से ही लोगों के एम्स आने का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह करीब 6.30 बजे उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने एम्स पहुंचकर अटलजी से मुलाकात की।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल पूर्व प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से मिलने के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पहुंचे। इससे पहले बुधवार शाम करीब सात बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एम्स पहुंचे। पीएम मोदी ने करीब एक घंटे तक एम्स के डॉक्टरों से वाजपेयी के स्वास्थ्य पर चर्चा की। पीएम मोदी बिना ट्रैफिक रूट के ही अचानक एम्स पहुंचे और करीब आठ बजे तक रुके।
केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु पूर्व प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से मिलने के लिए ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स) पहुंचे। पूर्व प्रधानमंत्री को देखने के लिए बुधवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, जितेंद्र सिंह और अश्विनी कुमार चौबे भी एम्स पहुंचे। यहां सभी ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। एम्स एक बयान के मुताबिक पूर्व प्रधानमंत्री पिछले दो माह से एम्स में भर्ती हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। उन्हें सांस लेने में परेशानी, यूरीन और किडनी में संक्रमण होने के कारण 11 जून को एम्स में भर्ती किया गया था। बुधवार सुबह वाजपेयी को सांस लेने में तकलीफ हुई थी। दोपहर तक उनकी तबीयत स्थिर हो गई थी।
कोई टिप्पणी नहीं: