Breaking

क्या हुआ जब सड़कों पर उतरे यमराज

क्या हुआ जब सड़कों पर उतरे यमराज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कुछ दिन पहले बेंगलुरु की सड़कों पर एक अनोखा नजारा देखने को मिला। दरअसल हुआ कुछ यूं कि यमलोक के देवता यमराज स्वयं सड़कों पर उतर आए। लेकिन वो यहां किसी की जान लेने नहीं, लोगों को उनकी जान की कीमत बताने। यमराज खुद लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और हेलमेट पहनने की नसीहत देते नजर आए। नियमों को तोड़ने वाले लोगों ने यमराज की बात भी सुनी। आखिर... यमराज की बात को नजरअंदाज करने की गुस्ताखी कौन करता।


यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए बेंगलुरु के हलासुरु गेट पर यातायात पुलिस ने मुहिम छेड़ी। इसके लिए पुलिस ने यमराज का भेष धारण करने वाले एक कलाकार से संपर्क किया। यमराज भी लोगों को सबक सिखाने के लिए तत्काल मौके पर पहुंच गए। ट्रैफिक लाइट पर यमराज लोगों के पास जाकर उन्हें नियमों के बारे में बताते रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भगवानों के सिर पर भी हेलमेट (मुकुट) होता है।  इस दौरान कई बाइक सवारों के पीछे दौड़कर उन्होंने उन्हें रोका और यातायात नियमों का पालने करने की गुजारिश की।  


दुनिया भर के बाकी देशों की तरह ही इंडिया में भी सड़क दुर्घटनाएं एक बड़ी समस्या हैं। इंडिया में आये दिन सड़क हादसे होते हैं। जिसमें सैकड़ों लोगों की जान जाती है ।  बेंगलुरु में चलाई गई इस अनोखी मुहिम का मकसद लोगों को हेमलेट पहनाने और यातायात नियमों के प्रति जागरुकता पैदा करना था।  बेंगलुरु यातायात पुलिस ऐसी और भी मुहीम चलाने की तैयारी में है जिसमें शहर के स्कूल एवं कॉलेज में नुक्कड़ नाटक शामिल हैं।  बेंगलुरु पुलिस के इस मुहीम को देखकर लोगों को ये एहसास होना चाहिए कि यदि पुलिस उनकी सेफ्टी को लेकर इतनी चिंतित है तो आखिर वो अपने लिए थोड़ी सी चिंता क्यों नहीं कर सकते?




Source: Bhaskarhindi.com

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.