साल 2018 में इन बड़ी हस्तियों ने दुनिया को कहा अलविदा

NEWS HIGHLIGHTS
- साल 2018 को कुछ हस्तियों के वजह से भी याद रखा जाएगा।
- इस साल पॉलीटिकल, मनोरंजन, साइंस और साहित्य की दुनिया में कई दिग्गज हस्तियों ने अलविदा कहा।
- ये वो हस्तियां थीं जिन्हें उनके क्षेत्र में बेहतरीन काम के लिए याद किया जाएगा।
- आइए जानते हैं उन हस्तियों के बारे में जो इस साल 2018 में इस दुनिया से रुखसत हुए।
साल 2018 बीत गया। इस साल को लोग कई तरह से याद रखेंगे। इस साल कई घटनाए घटी तो कई अच्छी चीजें भी हुई। साल 2018 को कुछ हस्तियों के वजह से भी याद रखा जाएगा। दरअसल इस साल सियासत, मनोरंजन, विज्ञान और साहित्य की दुनिया में कई दिग्गज हस्तियों ने अलविदा कहा। ये वो हस्तियां थीं जिन्हें अपने क्षेत्र में बेहतरीन काम के लिए याद किया जाएगा। वो भले ही आज इस दुनिया में नहीं है, लेकिन लोगों के दिलों में वो हमेशा जिंदा रहेंगे। आइए जानते हैं उन हस्तियों के बारे में जो इस साल 2018 में इस दुनिया से रुखसत हुए।
पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी
भारत रत्न, कवि हृदय और देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का 16 अगस्त 2018 को लंबी बीमारी के बाद दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। वाजपेयी ने जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी तक का सफर तय किया। उनकी सरकार में दक्षिणपंथी विचारधारा के विरोधियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई। ये अटल ही थे जिन्होंने मायावती, ममता और जयललिता को एक साथ एक मंच पर खड़ा किया। विपरीत विचारधारा के लोगों के साथ चलना अटल बिहारी वाजपेयी की खूबी थी।
श्रीदेवी
साल के शुरुआत में ही खबर आई की कई फिल्मों की चांदनी बनकर उभरी एक्ट्रेस श्रीदेवी का मात्र 54 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। श्रीदेवी दुबई के एक होटल में अपने परिवार के साथ शादी सामारोह में हिस्सा लेने गईं। 24 फरवरी 2018 को उसी कमरे के होटल में उनकी बॉडी मिली। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बताया गया कि फिल्म अभिनेत्री की मौत बाथ टब में गिरने से हुई। श्रीदेवी ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 'सोलवां सावन' से की थी जो साल 1978 में आई थी। सदमा, मिस्टर इंडिया, तोहफा, नगीना, निगाहें, जुदाई, चांदनी, हिम्मतवाला, मवाली, तोहफा, ख़ुदा-गवाह, चालबाज़, इंगलिश-विंगलिश और मॉम जैसी प्रसिद्ध फिल्मों में काम कर हमेशा के लिए लोगों के दिलों में जगह बना गईं।
एम करुणानिधि
7 अगस्त 2018 को द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) के अध्यक्ष एम एम करुणानिधि ने 94 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। वो काफी लंबे समय से बीमार थे। एम करुणानिधि दक्षिण की राजनीति के सबसे शक्तिशाली राजनेता माने जाते थे।
सोमनाथ चटर्जी
लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे सोमनाथ चटर्जी का 13 अगस्त को कोलकाता के एक अस्पताल में निधन हो गया। यूपीए-1 के दौरान चटर्जी लोकसभा अध्यक्ष रहे थे। उसी दौरान सीपीएम यूपीए से अलग हो गई थी लेकिन सोमनाथ चटर्जी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा देने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद उन्हें 2008 में सीपीएम से निष्कासित कर दिया गया था। चटर्जी 1968 में सीपीएम में शामिल हुए थे।
जैन मुनि तरुण सागर
दिल्ली के शहादरा के कृष्णा नगर इलाके में प्रसिद्ध जैन मुनि तरुण सागर ने 1 सितंबर 2018 को मात्र 51 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। मुनि तरुण सागर का जन्म साल 1967 में मध्यप्रदेश में हुआ था और उनका जन्म का नाम पवन कुमार जैन था।
अनंत कुमार
कर्नाटक में बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का फेफड़ों के कैंसर की वजह से 12 नवंबर 2018 को बेंगलुरु के शंकरा अस्पताल में 59 वर्ष में निधन हो गया।अनंत कुमार मोदी सरकार में संसदीय मामलों के मंत्री रहे।वो कर्नाटक बीजेपी के बड़े नेता थे। दक्षिण बेंगलुरु संसदीय क्षेत्र से वह 6 बार सांसद रहे थे।
गुरुदास कामत
कांग्रेस के बड़े नेता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के क़रीबी गुरुदास कामत का 22 अगस्त को निधन हो गया। गुरुदास कामत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य भी रह चुके थे। वह 2009 से 2014 तक उत्तर-पश्चिमी मुंबई सीट से सांसद थे। वह यूपीए सरकार में केंद्रीयमंत्री भी रह चुके हैं।
कल्पेश याग्निक
दैनिक भास्कर के समूह संपादक कल्पेश याग्निक का 12 जुलाई को निधन हो गया। कल्पेश को इंदौर स्थित दफ्तर में काम करने के दौरान ही दिल का दौरा पड़ा था। 21 जून 1963 को जन्मे कल्पेश 1998 से दैनिक भास्कर समूह से जुड़े थे। इससे पहले कुछ समय तक वह फ्री प्रेस जर्नल से भी जुड़े रहे। कल्पेश असंभव के विरुद्ध नाम आर्टिकल लिखते थे। उनका इस तरह अचनाक जाना भास्कर समूह के लिए बड़ी क्षति है।
कुलदीप नैयर
वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप नैयर इस साल 23 अगस्त को 95 साल की उम्र में दुनिया छोड़कर चले गए। उन्होंने राजनीति से लेकर भारत पाकिस्तान के रिश्तों तक पर अनेक किताबें लिखी हैं। आपातकाल के दौरान नैयर जेल भी गए। साल 1997 में उन्हें राज्यसभा के लिए भी नामित किया गया था।
कवि केदारनाथ सिंह
हिंदी के वरिष्ठ कवि केदारनाथ सिंह ने 19 मार्च को 86 साल की उम्र में लंबी बीमारी के बाद दिल्ली के एम्स में आखिरी सांस ली। केदारनाथ सिंह नई कविता के अग्रणी कवियों में शुमार थे।
कवि गोपालदास नीरज
19 जुलाई 2018 को पद्मभूषण से सम्मानित हिंदी के साहित्यकार, कवि, लेखक और गीतकार गोपालदास 'नीरज' का निधन हो गया। गोपालदास का निधन 93 वर्ष की उम्र में दिल्ली के एम्स में हुआ। नीरज को तीन बार फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
स्टीफन हॉकिंग
जाने-माने वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिंग भी इस साल 76 साल की उम्र पूरी कर दुनिया को अलविदा कह गए। उन्होंने 14 मार्च 2018 को आखिरी सांस ली। हॉकिंग ने अ ब्रीफ हिस्ट्री ऑफ टाइम नाम की एक किताब लिखी है जिसमें उन्होंने विज्ञान से जुड़े कई रहस्यों के बारे में आसान भाषा में समझाया है। वह मोटर न्यूरॉन नाम की बीमारी से ग्रस्त थे और लंबे समय से यंत्रो के माध्यम से बातचीत और अन्य काम करते थे।
कोफी अन्नान
संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव कोफी अन्नान का 80 साल की उम्र में 18 अगस्त को निधन हो गया। उन्होंने साल 1962 में यूएन ज्वाइन किया था। साल 1997 में अन्नान संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव बने। वह इस पद तक पहुंचने वाले पहले अफ्रीकी थे। अन्नान इस पद पर साल 2006 तक रहे।
वडाली ब्रदर्स
बॉलीवुड में वडाली ब्रदर्स के नाम से मशहूर प्यारे लाल वडाली का निधन 9 मार्च 2018 को अमृतसर में हुआ। वह पूरन चंद वडाली के छोट भाई थे। बॉलिवुड में इनके चर्चित गानों की बात करें तो 'ऐ रंगरेज मेरे और इक तू ही तू..' जैसे गाने खूब पसंद किए गए। इनकी जोड़ी को 2005 में पद्मश्री से भी नवाजा जा चुका है।
रीता भादुड़ी
अभिनेत्री रीता भादुड़ी का 17 जुलाई को 62 वर्ष की आयु में निधन हो गया। किडनी फेलइयर की वजह से रीता ने दुनिया का अलविदा कहा। पिछले 10 दिनों से वो मुंबई के सुजय अस्पताल में आईसीयू में भर्ती थीं। लगभग 50 सालों तक फिल्मी पर्दे पर जमी रहीं भादुड़ी ने 12 साल की उम्र में फिल्मी दुनिया में कदम रखा था।
शम्मी आंटी
टीवी के मशहूर कॉमेडी शो 'देख भाई देख' और 'शीरी फरहाद की तो निकल पड़ी' फिल्म में शानदार एक्टिंग से दर्शकों का मनोरंजन करने वाली दिग्गज अभिनेत्री शम्मी आंटी का निधन हो गया। 89 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा। उनके निधन पर अमिताभ बच्चन समेत बॉलीवुड के कई कलाकारों ने दुख जताया है।
कृष्णा राज कपूर
1 अक्टूबर को बॉलीवुड के बेमिसाल अभिनेता शोमैन राज कपूर की पत्नी कृष्णा राज कपूर के निधन हो गया। कृष्णा के साथ कपूर खानदान की एक पीढ़ी का अंत हो गया। 87 की उम्र में कृष्णा राजकपूर ने दुनिया को अलविदा कह दिया। कृष्णा राज कपूर ने लंबे समय से बीमार चल रही थीं और कार्डियक अरेस्ट के चलते उनकी डेथ हुई।
भय्यूजी महाराज
आध्यात्मिक गुरु भय्यूजी महाराज ने 12 जून को खूद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। उनके खुदकुशी के पीछे पारिवारिक कारण बताये गए। भय्यूजी महाराज उस समय चर्चा में आये थे जब अण्णा आंदोलन के समय उन्होंने सरकार के साथ बातचीत में बड़ी भूमिका निभाई थी। उस आंदोलन के समय शरद यादव ने भय्यू जी महाराज की आलोचना भी की थी। भय्यूजी महाराज के भक्तों में कई नामी-गिरामी की हस्तियां शामिल थीं। वह पहले फैशन डिजाइनर थे बाद में अध्यात्म की ओर मुड़ गए। उन्होंने 49 साल की उम्र में दूसरी शादी की थी।
जॉर्ज एच. डब्लू. बुश सीनियर
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज एच. डब्लू. बुश का 30 नवंबर को 94 साल की उम्र में निधन हो गया। सीनियर बुश ने शीतयुद्ध के खात्मे के बाद अमेरिका को आगे बढ़ने में मदद की थी। निधन के समय तक सीनियर बुश अमेरिका के सबसे उम्रदराज जीवित पूर्व राष्ट्रपति थे। उनका जन्म 12 जून 1924 को मैसाचुसेट्स के मिल्टन में हुआ था। इसी साल 17 अप्रैल को उनकी पत्नी बारबरा बुश का 92 साल की उम्र में निधन हुआ था।
विनोद अग्रवाल-सिंगर
भजन गायक विनोद अग्रवाल ने 6 नवंबर को 64 साल की उम्र में दुनिया से विदा कह दिया। विनोद अग्रवाल को लोग आस्था चैनल पर आने वाले उनके भजन कार्यक्रमों के लिए जानते थे। वह कृष्ण के भजन गाने वालों में जाना-पहचाना नाम थे। 6 जून 1955 को जन्में विनोद अग्रवाल के परिवार में राधा कृष्ण की पूजा की जाती थी और 12 साल की उम्र से ही उन्होंने संगीत सीखना शुरू कर दिया था।
स्टैन ली
मार्वल कॉमिक के जनक स्टैन ली का सोमवार रात 95 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। दुनिया को स्पाइडर मैन, आयरन मैन और द हल्क जैसे किरदार देने वाले स्टैन ली ने अमेरिका के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। मार्वल कॉमिक्स पर दर्जनों फिल्मे भी बनी। इन फिल्मों ने दुनिया भर में 20 बिलियन डॉलर से अधिक की कमाई की। ली अपने गढ़े हुए किरदारों की लोकप्रियता से बखूबी वाकिफ थे। इसीलिए उन्होंने 1998 में एक कॉन्ट्रैक्ट किया। इसमें तय हुआ कि मार्वल कॉमिक्स के किरदार पर कोई भी फिल्म या टीवी शोज बनेगा तो प्रॉफिट का 10 प्रतिशत देना होगा।ली का जन्म 28 दिसंबर 1922 को न्यूयॉर्क में हुआ था।
बलरामजी दास टंडन, मदनलाल खुराना और भीष्म नारायण
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल बलरामजी दास टंडन का 14 अगस्त, 2018 को निधन हो गया। वो 91 साल के थे। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदनलाल खुराना का 82 साल की उम्र में 27 अक्टूबर, 2018 को निधन हो गया। तमिलनाडु और असम के पूर्व गवर्नर भीष्म नारायण सिंह का 1 अगस्त, 2018 को 85 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
Source: https://www.bhaskarhindi.com/news/in-year-2018-these-great-personalities-said-goodbye-to-the-world-56301
कोई टिप्पणी नहीं: