दिवाली पर कम बजट में इस तरह करें घर का रिनोवेशन

घर का भी सजना और संवरना जरूरी है। मौसम त्यौहार का हो तो खुद की तरह घर को भी साजाते और संवारते हैं, लेकिन याद रखें घर को सजाने के लिए हर बार मोटी रकम खर्च करना जरूरी नहीं है। दिवाली आने वाली है और कई घरों में सफाई शुरू हो गई है। हम सभी चाहते हैं कि घर की सजावट थोड़ा हटकर हो, ताकि घर सुंदर लगे और लोग तारीफ भी करें। घर को नया लुक देने के लिए हमें बहुत सारे समय के साथ ढेर सारे पैसों की जरूरत होती है। इस दिवाली आप कम बजट में घर को नया लुक दें। आइए जानते हैं कम बजट में घर को सजाने के कुछ खास टिप्स।
घर और बजट के मुताबिक सजाएं घर
घर की सजावट में दो चीजें बेहद अहम होती हैं, घर का आकार और बजट। घर भरा हुआ न दिखे, इसके लिए सबसे जरूरी है कि घर के लिए सामान खरीदते समय अपने घर का आकार ध्यान में रखें। जरूरी नहीं कि भारी भरकम चीजों से ही घर सुंदर दिखे। घर में उपलब्ध जगह के बेहतर इस्तेमाल से ही घर खूबसूरत दिखता है। दूसरी जरूरी बात है बजट। बजट यानी कि पैसा। घर की सजावट हमेशा महंगी चीजों से ही नहीं की जाती और ऐसा भी जरूरी नहीं है कि घर को नया लुक देने के लिए घर का सामान बदल दें। पुरानी चीजों को भी नए तरीके से इस्तेमाल किया जा सकता है।
जगह व्यवस्थित करें
सबसे पहली जरूरी चीज है, घर में उपलब्ध जगह को व्यवस्थित करना। अक्सर हम उन चीजों को भी घर में सहेज कर रखते हैं, जिनका इस्तेमाल हम नहीं करते हैं। हमें हमेशा लगता है कि शायद कभी इसकी जरूरत पड़ जाए। ऐसी बेकार पड़ी चीजों को घर से बाहर करें। जैसे घर में अगर कोई बुक रैक, चेयर या कॉर्नर टेबल का इस्तेमाल नहीं है, तो उसे बाहर करें, ताकि घर भरा-भरा न लगे और दूसरी चीजों के लिए जगह बने।
फर्नीचर
घर में ऐसा फर्नीचर रखें, जो कम जगह घेरता हो। ऐसे फर्नीचर को स्मार्ट फर्नीचर कहते हैं। ऐसे फर्नीचर मल्टी-फंक्शनल होते हैं और एक से ज्यादा काम में आते हैं। जैसे कि ऐसा टेबल जिस पर आप खाना भी खा सकें और पढ़ भी सकें। या फिर सोफा कम बेड रखें, ताकि जरूरत के हिसाब से इसका इस्तेमाल हो और बाकि के समय जगह खुला-खुला लगे।
बजट अगर कम है, तो नए फर्नीचर की जगह पुरानी चीजों को नया लुक दे सकती हैं। जैसे नए सोफे की जगह उसका फैब्रिक बदलें। बाजार में कम कीमत में कई तरह के फैब्रिक मौजूद हैं, जो आपके पुराने सोफे को एकदम नया बना सकते हैं। इसके अलावा अगर घर में पुरानी कुर्सी हो तो उसे भी नए तरीके से इस्तेमाल में लाया जा सकता है। कुर्सी पर सुंदर कवर लगाकर उसे बेडरूम में साइड टेबल की तरह या ड्रॉइंगरूम में रीडिंग लैंप, फ्लावर वास या अलार्म क्लॉक रखने के इस्तेमाल में ला सकती हैं।
डिजाइनर कुशन
घर में अलग-अलग तरह के कुशन रख सकती हैं। अगर सोफे के फैब्रिक का पैटर्न हल्का है, तो इसके साथ हैवी डिजाइनर कुशन काफी खूबसूरत लगते हैं। इसके अलावा कमरों में छोटे-बड़े आकार में मिले जुले कुशन एथनिक लुक देते हैं। ये कुशन आजकल मिरर वर्क, कढ़ाई, बीड वर्क, एप्लिक वर्क, डोरी वर्क आदि में आते हैं। घर की सुंदरता के लिए आप जमीन पर गद्दे डालकर दिवान बना सकती हैं और वहां भी कुशन रख सकती हैं।
पर्दे हों हल्के
घर में पर्दे बदलने का भी यह सही वक्त है। अगर बजट कम है, तो भारी और डिजाइन वाले पर्दों की जगह हल्के पर्दे लगाएं। बाजार में कम कीमत में कई तरह से प्रिंटेड और प्लेन पर्दे मौजूद हैं, जो आपके घर की शोभा बढ़ा सकते हैं। लेकिन अगर आप नए पर्दे नहीं खरीद सकते हैं, तो थोड़ी-सी क्रिएटिविटी से पुराने पर्दों को नया लुक दे सकती हैं। पुराने पर्दों पर मिलता-जुलता रिबन, गोटा या लेस लगाएं। पर्दों के नीचे घुंघरू भी लगा सकती हैं।
आईना लगाएगा चार चांद
घर में आईने का इस्तेमाल केवल चेहरा देखने या शृंगार करने के लिए ही नहीं किया जाता है, बल्कि इसका इस्तेमाल घर की साज-सज्जा के लिए भी किया जाता है। अगर सही तरीके से इसे लगाया जाए, तो यह पूरे घर को बेहद शानदार लुक देता है। बाजार में हजारों डिजाइन और कीमत के आईने उपलब्ध हैं। सबसे पहले आईना लगाने की सही जगह बनाएं। इसे घर के प्रवेश द्वार पर या फिर बेडरूम में लगा सकती हैं। बाजार में कई तरह के आकार मौजूद हैं जैसे कि ओवल, चौकोर, गोल, क्राउन टप और एब्सट्रैक्ट। विंटेज फ्रेम के साथ शीशा लगाने से ये अच्छे लगते हैं और कमरे को खूबसूरत लुक भी देते हैं।
लाइटिंग हो सही
घर में सही लाइटिंग करने से घर चमकदार और लंबा-चौड़ा दिखता है। लाइटिंग के लिए बहुत ज्यादा पैसे खर्च करने की भी जरूरत नहीं है। बस इसे चुनते हुए कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। बेडरूम के लिए हमेशा सॉफ्ट और आंखों के लिए आरामदायक रोशनी चुनें। बेड, कबर्ड और आईने के लिए अलग-अलग लाइट रखें, जबकि लिविंग रूम के लिए फोकल लाइट लगाएं। इसके अलावा हैंगिग और फ्लोर लाइट भी घर की सजावट में चार चांद लगाते हैं।
फूलों से सजाएं कमरा
कमरे की खूबसूरती बढ़ाने के लिए वास में ताजे फूल लगाएं। ताजे फूल के अलावा घर के भीतर लगाए जाने वाले पौधे भी सुंदर लगते हैं। ये फूल वातावरण भी स्वच्छ बनाते हैं और सकारात्मक ऊर्जा भी देते हैं।
मोमबत्तियों से सजाएं
मोमबत्तियों का इस्तेमाल केवल अंधेरा दूर करने के लिए नहीं किया जाता है। घर के एक हिस्से में इसे रखकर हम उस जगह की खूबसूरती भी बढ़ा सकते हैं। साइड टेबल पर अलग-अलग रंग और मोमबत्तियां रखें। आजकल बाजार में कई तरह की सेंटेड मोमबत्तियां भी मौजूद हैं, जो पूरे वातावरण को खुशनुमा बना देती हैं।
कोई टिप्पणी नहीं: