Breaking

राहुल गांधी मध्य प्रदेश में आज फूकेंगे चुनावी बिगुल, भोपाल में करेंगे मेगा रोड शो

राहुल गांधी मध्य प्रदेश में आज फूकेंगे चुनावी बिगुल, भोपाल में करेंगे मेगा रोड शो


NEWS HIGHLIGHTS

  •  कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का 12 किलोमीटर लंबा मेगा रोड शो आज
  •  रोड शो के जरिए मध्य प्रदेश में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन
  •  भेल दशहरा मैदान पर 15000 कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। यहां वे राजधानी भोपाल में 12 किलोमीटर लंबा मेगा रोड शो करने के साथ मध्य प्रदेश में चुनावी बिगुल फूकेंगे। राहुल गांधी के इस रोड शो के जरिए कांग्रेस शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। विधानसभा चुनाव 2018 को लेकर राहुल का ये दौरा बेहद अहम माना जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग की अध्यक्षा शोभा ओझा ने कांग्रेस अध्यक्ष के इस दौरे की पूरी जानकारी दी है। शोभा ने बताया, 'राहुल गांधी  हवाई मार्ग से दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर भोपाल स्थित राजा भोज एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। यहां से वह कार में रवाना होकर शहर के लालघाटी सर्कल पहुंचेंगे। उसके बाद वह 1 बजकर 10 मिनट पर लालघाटी सर्कल से बस से रोड शो करेंगे।'
कांग्रेस का हिंदुत्व कार्ड
राहुल का ये दौरा पूरी तरह से सॉफ्ट हिन्दुज्म एजेंडे के साथ शुरू हो रहा है। लालघाटी पर राहुल के स्वागत के लिए बनाए गए मंच से 11 कन्याएं उनका तिलक करेंगी और 11 ब्राह्मण स्वस्ति वाचन करने के साथ ही शंखनाद करेंगे। भोपाल में जगह-जगह राहुल गांधी के स्वागत में पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें उन्हें शिवभक्त के तौर पर पेश किया गया है। हालांकि इन पोस्टर्स को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस और कमलनाथ पर जमकर निशाना साधा है। रविवार रात में इन्हीं पोस्टर को नगर-निगम द्वारा हटाने पर कांग्रेसियों के चक्का जाम किया था।
कई स्थानों पर होगा स्वागत
12 किलोमीटर लंबे रोड शो में राहुल गांधी का पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा कई स्थानों पर स्वागत किया जाएगा। राहुल के स्वागत के लिए दो दिन पहले से तैयारियां कर ली गई थी। राहुल का रोड शो लालघाटी सर्कल से शुरू होकर कलेक्टोरेट रोड, रॉयल मार्केट ब्रिज, पीर गेट, वीआईपी रोड सर्कल, पॉलिटेक्निक चौराहा, रोशनपुरा सर्कल, अपेक्स बैंक सर्कल, बोर्ड ऑफिस सर्कल और कस्तूरबा नगर सर्कल के रास्ते होते हुए भेल दशहरा मैदान पहुंचेगा। इस दौरान उनके लिए सात जगहों पर स्वागत केंद्र बनाए गए हैं, जहां कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।
कांग्रेस के करीब 15,000 कार्यकर्ता होंगे शामिल
राहुल गांधी भोपाल के भेल दशहरा मैदान पर पार्टी कार्यकर्ताओं से डेढ़ घंटे संवाद करेंगे। इस संवाद में कांग्रेस के करीब 15,000 कार्यकर्ता भाग लेंगे, जिनमें ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर के कार्यकर्ता, पार्षद और पार्टी के बड़े नेता मौजूद रहेंगे। इस दौरान राहुल गांधी सभी कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे। 
टिकट के लिए भीड़ जुटाने की होड़
सूत्रों की माने तो कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के भोपाल में होने वाले रोड शो में भीड़ जुटाने के लिए टिकट के प्रत्येक दावेदार को पांच हजार लोगों की भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है। बताया जा रहा है कि जो जितनी भीड़ जुटाएगा, प्रदेश आलाकमान की नजर में उसकी हैसियत उतनी ही ज्यादा होगी और उसका टिकट उतना ही पक्का होगा।
9 राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति
कांग्रेस पार्टी ने लोक सभा चुनाव 2019 को देखते हुए 9 राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति भी की है, जो विभिन्न राज्यों में सह-प्रभारी की भूमिका में होंगे। पार्टी ने अरुणाचल प्रदेश के लिए जेनिथ संगमा, मेघालय के लिए विक्टर केशिंग, मणिपुर के लिए चार्ल्स पिंगरोप, मिजोरम के लिए अम्परीन लिंगदोह, नगालैंड के लिए प्रद्युत बारदोलोई, सिक्किम के लिए प्रद्युत देव बर्मन, त्रिपुरा के लिए भूपेन कुमार बोरा, जम्मू-कश्मीर के लिए सुधीर शर्मा और तमिलनाडु के लिए सिरिवेला प्रसाद को सचिव नियुक्त किया है। वहीं महेंद्र सिंह बौद्ध को मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।


कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.