यशवंत सिन्हा ने BJP को अलविदा कहा , बोले- अब पार्टी पॉलिटिक्स से दूर रहूंगा

डिजिटल डेस्क, पटना। भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेताओं में से एक पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। पटना में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के खिलाफ एसकेएम मेमोरियल हॉल में आयोजित राष्ट्रमंच के कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि, 'मैं BJP के साथ अपने सभी संबंधों को समाप्त करता हूं। मैं BJP छोड़ रहा हूं, लेकिन अब कोई भी राजनीतिक दल नहीं ज्वाइन करूंगा।' यशवंत सिन्हा ने कहा कि, 'देश का लोकतंत्र खतरे में है, और आज के समय में जो स्थिति बन गई है इसमें हम सभी को एकजुट होने की जरूरत है। अगर हम एकजुट नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ी हमें कभी भी माफ नहीं करेगी।' बता दें कि वे काफी लंबे समय से पार्टी से नाराज चल रहे थे जिसके बाद उन्होंने आखिरकार यह फैसला लिया। उनके बेटे जयंत सिन्हा मोदी सरकार में वित्त राज्य मंत्री ई. लम्बे समय से सिन्हा, प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री अरुण जेटली से नाराज चल रहे थे।
मेरा दिल देश के लिए धड़कता है
पटना में आयोजित किए गए इस कार्यक्रम में BJP नेता शत्रुघ्न सिन्हा के आलावा अन्य पार्टियों के नेता भी उपस्थित हुए थे। यशवंत सिन्हा ने संसद का सत्र छोटा होने पर भी BJP को घेरा। उन्होंने कहा कि, 'सरकार ने जानबूझकर सत्र चलने नहीं दिया, गुजरात चुनाव के कारण भी सत्र को छोटा रखा गया।' उन्होंने इस दौरान लोकतंत्र को खतरे में डालने वालों को मटियामेट करने का भी ऐलान किया। उन्होंने कार्यक्रमन में आए शत्रुघ्न की चुटकी लेते हुए कहा कि, 'पटना से मेरा लगाव शुरू से रहा है। मैंने यहां पढ़ाई की और नौकरी भी की। शत्रुघ्न सिन्हा घबराएं नहीं, मैं यहां से चुनाव नहीं लड़ूंगा। मेरा दिल देश के लिए धड़कता है।'
कोई टिप्पणी नहीं: