Breaking

महाराष्ट्र : बीजेपी से अलग होगी शिवसेना, 2019 का लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेगी

महाराष्ट्र : बीजेपी से अलग होगी शिवसेना, 2019 का लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेगी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बाला साहेब ठाकरे के जन्मदिन के दिन शिवसेना ने एक बड़ा फैसला लिया है। शिवसेना ने बीजेपी से अलग होने का फैसला किया है। इसी के साथ ही वो  2019 लोकसभा चुनाव शिवसेना अकेले लड़ेगी। इसके साथ ही विधानसभा चुनाव भी अकेले लड़ने की बात कही गई है। ये फैसला शिवसेना की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया है। हालांकि अंतिम फैसला शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ही लेंगे।
1 साल के अंदर टूटेगा गठबंधन :आदित्य ठाकरे 

शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने अहमदनगर में एक पार्टी के इवेंट में कहा था कि 'शिवसेना एक साल के अंदर सरकार का साथ छोड़ देगी और अपने दम पर सरकार बनाएगी। उन्होंने ये भी कहा कि 'जब महाराष्ट्र सरकार से अलग होने का फैसला ले लिया जाएगा, तो सभी पार्टी वर्कर्स को मिलकर काम करना होगा।

पहले भी दी थी धमकी

गौरतलब है कि बीजेपी और शिवसेना के बीच काफी समय से बयानबाजी का दौर चला आ रहा है। शिवसेना हमेशा से ही केंद्र और फडनवीस सरकार की आलोचना करती रही है।सितंबर में शिवसेना सांसद और सीनियर लीडर संजय राउत ने बीजेपी से गठबंधन तोड़ने की धमकी दी थी। संजय राउत ने ट्वीट कर कहा था कि उद्धव ठाकरे सरकार से खुश नहीं है और इस पर जल्द ही फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा था कि शिवसेना पेट्रोल के दामों में हो रही बढ़ोतरी का हिस्सा नहीं बनना चाहती और उद्धव ठाकरे जल्द ही इस पर कोई फैसला लेंगे। इससे पहले भी शिवसेना ने बीजेपी को गठबंधन तोड़ने की धमकी दी थी।

सामना में करती है बीजेपी पर हमला

शिवसेना अकसर बीजेपी पर अपने मुखपत्र सामना के जरिए हमला करती रहती है। हाल ही में गुजरात चुनाव के दौरान पीएम मोदी के पाकिस्तान वाले बयान पर हमला बोलते हुए शिवसेना ने लिखा था कि 'जब पैरों के नीचे से जमीन खिसकने लगती है, तो पाकिस्तान और दाऊद की माला जपी जाती है, बीजेपी भी वही काम कर रही है।' आर्टिकल में आगे लिखा गया है 'मोदी से देश को काम की उम्मीद है, अपना काम करके दिखाएं। कब तक पाकिस्तान की माला जपोगे?' शिवसेना का ये भी कहना है कि 'बिहार चुनाव के दौरान भी अमित शाह ने पाकिस्तान को घुसाया था और वही हाल गुजरात में भी हो रहा है।' इसके अलावा पाकिस्तान के साथ सीक्रेट मीटिंग पर भी सामना में लिखा गया था। शिवसेना ने पीएम मोदी के बयान पर सवाल उठाते हुए लिखा है कि 'अगर मीटिंग देशविरोधी काम के लिए हुई थी, तो प्रधानमंत्री सिर्फ आरोप क्यों लगा रहे हैं? सभी लोगों को गिरफ्तार कर, जांच करवाएं।' शिवसेना ने आगे कहा कि ये बात सिर्फ भाषण के लिए थे, कार्रवाई के लिए नहीं। इसके अलावा सामना में पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए ये भी लिखा गया है कि 'सरकार का अपना एक इंटेलिजेंस सिस्टम होता है। फिर भी पीएम मोदी को पाकिस्तान के साथ मीटिंग की बात मीडिया से पता चली।' इसमें आगे लिखा गया है कि 'रैलियों में पाकिस्तान के इंटरफेरेंस की बातें क्यों कही जा रही हैं? अगर ऐसा सच में हैं, तो आप भी अपनी सेना पाक सीमा में भेज दें।'

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.